मुख्यमंत्री ने न्याय आपके द्वार अभियान में अजमेर के तीसरे स्थान पर रहने पर की सराहना - Kekri Insight

Header Ads

मुख्यमंत्री ने न्याय आपके द्वार अभियान में अजमेर के तीसरे स्थान पर रहने पर की सराहना

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को राज्य के जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ वीसी में अजमेर जिले के कार्यों की सराहना की।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला कलेक्टर आरती डोगरा ने विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार के अन्तर्गत 30 जून तक 2 लाख 68 हजार 516 प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को लाभान्वित किया। इस उपलब्धि से अजमेर राज्य के प्रथम पांच जिलों में शामिल है। ऋणमाफी योजना के अंतर्गत भी जिले में अच्छा कार्य किया है। जिले में अब तक 30 हजार 779 कास्तकारों के 105 करोड़ 60 लाख के ऋण माफ किये गये हैं।जिले के लिए निर्धारित 173 शिविरोें मे से 160 शिविर बहुत ही कम समय में आयोजित कर सराहनीय कार्य कर अग्रणी जिलों में शुमार हुआ है। मुख्यमंत्री ने इन उपलब्धियों के लिए अजमेर जिले की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री राजे ने वीसी के दौरान प्रधानमंत्री लाभार्थी जन संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्य  संभागों के 15 जिलों के लाभार्थियों की अजमेर जिला क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सम्पादित करने पर भी बधाई दी। लाभार्थी इन व्यवस्थाओं से बहुत प्रसन्न हुए। तबीजी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना के दौरान संवेदना के साथ प्रभावित व्यक्तियों को तुरन्त उपचार एवं अन्य सहायता उपलब्ध करवाकर दुर्घटना के दुष्परिणामों को कम करने पर भी तारीफ की।

जिला कलक्टर आरती डोगरा ने जिले की उपलब्धियों को टीम वर्क का परिणाम बताया और कहा कि सबके सहयोग से अजमेर जिला अग्रणी बना है। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।

इस मौके पर अजमेर की पुलिस महानिरीक्षक मालिनी अग्रवाल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के.के.शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Get all updates by Like us on Facebook and Follow on Twitter



Powered by Blogger.