बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना रविवार को आएगीं अजमेर - Kekri Insight

Header Ads

बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना रविवार को आएगीं अजमेर

अजमेर। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं और वे रविवार को अजमेर आएंगी, जहां वो ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में जियारत करेंगी। खबरों के मुताबिक ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जियारत को लेकर शेख हसीना काफी उत्साहित हैं और इसलिए उन्होंने वहां जाने का प्लान किया। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर सरकार ने जोर शोर से तैयारियां करनी शुरू कर दी है। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार वो यहां सुबह 10:30 पर पहुंचेगीं, इसके बाद वो सीधे दरगाह जाएंगी।

शेख हसीना का ये दौरा सिर्फ दो घंटे के लिए होने वाला है वो ख्वाजा साहब के 805वें वार्षिक उर्स के मौके पर अपनी हाजरी देना चाहती हैं। मान्यता के चलते दरगाह शरीफ पर मखमली चादर और फूल पेश करेंगी। उनके खादिम कलामुद्दीन चिश्ती उन्हें जियारत कराएंगे। वे दरगाह शरीफ में करीब बारह बजे तक रुकेंगीं। इस दौरान खुद्दाम ए ख्वाजा और दरगाह कमेटी की ओर से उनका इस्तकबाल किया जाएगा। दस्तारबंदी कर तबर्रुक भेंट किया जाएगा। इसके बाद संभागीय आयुक्त हर सहाय मीणा, आईजी मालिनी अग्रवाल, कलेक्टर गौरव गोयल और एसपी नितिन दीप समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी दरगाह शरीफ में मौजूद रहेंगे।

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के आगमन से दो घंटे पहले दरगाह क्षेत्र को खाली करा लिया जाएगा। हालांकि अभी तक शेख हसीना के आने की अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी घूघरा हेलीपेड से लेकर दरगाह तक के मार्गों पर बेरिकेटिंग और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कर दिए गए हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक भी की है।

Get all updates by Like us on Facebook and Follow on Twitter



Powered by Blogger.