जेएलएन चिकित्सालय में शुरू हुई अक्षय कलेवा योजना, 10 रुपए में मिलेगा पौष्टिक खाना - Kekri Insight

Header Ads

जेएलएन चिकित्सालय में शुरू हुई अक्षय कलेवा योजना, 10 रुपए में मिलेगा पौष्टिक खाना

अजमेर। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में संभाग के विभिन्न हिस्सों से आने वाले मरीजों के परिजनों को अब भोजन की चिंता नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अभिनव सोच से बेहद कम दाम मात्र दस रुपए में भरपेट भोजन के लिए चिकित्सालय परिसर में नगर निगम और अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा भोजन देने की शुरुआत की गई है। इतना ही नहीं प्रतिदिन यहां भोजन का मेन्यू भी सूचना पट्ट पर लिखा जाएगा।

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महापौर धर्मेंद्र गहलोत, जिला कलेक्टर गौरव गोयल, उप महापौर संपत सांखला एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में मरीजों के लिए सस्ते दामों पर पौष्टिक भोजन अक्षय कलेवा योजना की शुरुआत की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सोच है सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय। अजमेर का चिकित्सालय संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां प्रतिदिन हजारों मरीजों एवं उनके परिजनों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मरीज के गरीब परिजनों के लिए  सस्ते दामों पर पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है। अक्षय पात्र फाउंडेशन के सहयोग से चिकित्सालय परिसर में मात्रा दस रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भोजन रोजाना निश्चित समय पर प्राप्त तैयार कर दिया जाएगा। परिजन शिशु रोग वार्ड के सामने तैयार कैंटीन से भोजन प्राप्त कर सकेंगे। शीघ्र ही कैंटीन परिसर में बड़े शेड व अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

महापौर धर्मेंद्र गहलोत ने कहा कि नगर निगम व अक्षयपात्र फाउंडेशन के सहयोग से यह अक्षय कलेवा योजना निश्चित रूप से मरीज के परिजनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। अभी मरीज के परिजन ज्यादा राशि देकर बाहर अस्वास्थ्यकारी परिस्थितियों में खाना खाते हैं। यहां उन्हें दस रुपए में पौष्टिक भोजन मिलेगा। दस रुपए भोजने करने वाले से लिए जाएंगे जबकि आठ रुपए का सहयोग नगर निगम करेगा। शेष राशि अक्षयपात्र द्वारा भामाशाहों के सहयोग से एकत्रित की जाएगी।

जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने कहा कि चिकित्सालय परिसर में भोजन की यह व्यवस्था अपने आप में अनूठी है। पौष्टिक भोजन और मात्रा दस रुपए में। यहां सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि शीघ्र ही अक्षयपात्रा फाउंडेशन द्वारा स्कूलों में दिए जा रहे मिड डे मील को पुष्कर के विभिन्न स्कूलों तक वितरित किया जाएगा। पुष्कर में भी अक्षय कलेवा योजना की शुरुआत की जाएगी।

सभी अतिथियों ने अपने हाथ से मरीजों के परिजन को भोजन परोसा। कार्यक्रम में पार्षद भागीरथ जोशी, जे.के. शर्मा, नगर निगम के सीईओ हिमांशु गुप्ता, मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ.आर.के.गोखरु, प्रशिक्षु आईएएस टीना डाबी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Get all updates by Like us on Facebook and Follow on Twitter



Powered by Blogger.