अजमेर लोकसभा उपचुनाव तैयारियों की समीक्षा, विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन - Kekri Insight

Header Ads

अजमेर लोकसभा उपचुनाव तैयारियों की समीक्षा, विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन

अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने सभी अधिकारियों को आगामी महिनों में प्रस्तावित लोकसभा उपचुनाव की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी आदर्श आचार संहिता का पालन तथा निष्पक्ष व निर्भीक माहौल में चुनाव कराना सुनिश्चित करें। उपचुनाव में इस बार वीवीपेट मशीन का उपयोग सहित कई नवाचार होंगे। मतदाताओं को इनकी जानकारी के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार -प्रसार किया जाएगा।
   
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गोयल ने आज शाम कलेक्ट्रेट में संपन्न बैठक में अजमेर लोकसभा उपचुनाव के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। चुनाव के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इन प्रकोष्ठों में तैनात अधिकारी व कर्मचारी आगामी एक सप्ताह में अपनी कार्ययोजना तैयार कर जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपेंगे।
   
बैठक में गोयल ने कहा कि निर्वाचन विभाग के विस्तृत निर्देशों के अनुसार लोकसभा उपचुनाव की समस्त प्रक्रिया सम्पादित करवायी जाएगी। अधिकारी सुनिश्चित करें कि आदर्श आचार संहिता की पूरी तरह पालना हों। लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर जरूरी इंतजाम समय से पूर्व कर लिए जाएं।
   
उन्होंने बताया कि इस बार अजमेर में पहली बार वोटर वैरीफाई पेपर ऑडिट टे्रल (वीवीपेट) मशीन का उपयोग किया जाएगा। यह मशीन अजमेर के मतदाताओं के लिए नई होगी। ऎसे में उन्हें इसकी जानकारी देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमें निष्पक्ष रूप से चुनाव करवाकर अपने दायित्व का निर्वहन करना है। सभी अधिकारी तुरन्त प्रभाव से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
   
गोयल ने निर्देश दिए कि चुनाव के सफल संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की जा रही है। सभी मजिस्ट्रेट अपने - अपने क्षेत्र में मतदान एवं मतदान केंद्र से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
   
उन्होंने कहा कि चुनाव में कई नवाचार होंगे। साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए भी जिले से ग्राम पंचायत के वार्ड स्तर तक तथा स्कूल कॉलेजों सहित अन्य संस्थाओं में स्वीप गतिविधियां संचालित की जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपने मत का प्रयोग करें। चुनाव के लिए रूट चार्ट, चैक पोस्ट, वाहन ग्रुपिंग, वाहनों का अधिग्रहण, डाक मत पत्रों के लिए व्यवस्थाएं, मत पत्रों का मुद्रण आदि व्यवस्थाएं पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाए।
   
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी कामकाज के प्रभावी सम्पादन के लिए कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में तैयार किया गया। कमांड कंट्रोल सेन्टर वीडियो कैमरों एवं अन्य तकनीकों की सहायता से चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेगा। चुनाव में तैनात सभी कार्मिकों को व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि किसी तरह की कमी की गुंजाइश नहीं रहे।
   
उन्होंने पैड न्यूज तथा अन्य गतिविधियों पर निगरानी  के लिए एमसीएमसी प्रकोष्ठ गठित करने तथा मीडिया सेन्टर बनाने के भी निर्देश जारी किए। बैठक में मतगणना, मतदान दलों की रवानगी, प्रत्याशियों द्वारा भरे जाने वाले नामांकन की जांच तथा शपथ पत्रों की जांच, कर्मचारियों की तैनातगी आदि पर भी चर्चा कर निर्देश दिए गए।
   
बैठक में नगर निगम के सीईओ हिमांशु गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चन्द शर्मा, स्थानीय निकाय विभाग के उप निदेशक किशोर कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय अबु सूफियान चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अरविंद सेंगवा, राजस्थान लोक सेवा आयोग के उप सचिव भगवत सिंह, जिला रसद अधिकारी संजय माथुर, महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक अनुपमा टेलर, सहायक कलक्टर मुख्यालय श्वेता यादव, उपखण्ड अधिकारी अंकित कुमार , जिला आबकारी अधिकारी एन.एल.राठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Get all updates by Like us on Facebook and Follow on Twitter



Powered by Blogger.