सीएम वसुंधरा राजे ने केकड़ी से फूंका राजस्थान उपचुनाव में प्रचार का बिगुल
सीएम राजे आज अजमेर जिले के केकड़ी में प्रचार के लिए पहुंची, जहां उन्होंने रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन के साथ ही भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए लोगों से अपील की। इस दौरान जगह जगह राजे का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। फिर जीत के लिए राजे ने एक बार फिर अपने अंदाज में साधु संतों का आशीर्वाद लिया। राजे ने शॉल ओढ़ाकर संतों का सम्मान भी किया, जिसके बाद विभिन्न समाजों की बैठक ली।
केकड़ी में विभिन्न समाजों की बैठकों के क्रम मे सीएम राजे ने सबसे पहले ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ बैठक की। इसके बाद में सीएम राजे ने बैरवा, रैगर एवं अन्य कई समाज के लोगों के साथ बैठक ली। इस दौरान विभिन्न समाज के लोगों ने सीएम राजे के सामने अपनी समस्याएं भी रखी, जिस पर राजे ने उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
प्रचार के क्रम में आयोजित बैठकोें के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आखिर मे केकड़ी और सरवाड़ मंडल के नेताओं के साथ बैठक की और कार्यकर्ताओं को जीत की दिशा में कार्य करने के लिए आह्वान किया। राजे ने नेताओं को मेहनत करते हुए भाजपा को जीत दिलाने के लिए भरसक प्रयास करने की अपील की। इस दौरान केकड़ी विधायक और संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम और वेयर हाउस कॉर्पोरेशन चैयरमेन जनार्दन गहलोत भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि अजमेर लोकसभा सीट से सांसद रहे सांवरलाल जाट का निधन होने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर भाजपा ने सांवरलाल जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को पार्टी प्रत्याशी के रूप में उतारा है। वहीं उनके सामने केकड़ी से विधायक रह चुके एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता रघु शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मौजूद है।
